झूठे शपथ पत्र के आरोपों में घिरी जिला पंचायत सदस्य, जांच के आदेश

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा ) रुद्रपुर। जिला पंचायत सदस्य वार्ड संख्या-17 भंगा की निर्वाचित सदस्य श्रीमती रेनू गंगवार के खिलाफ झूठा शपथ पत्र देकर चुनाव जीतने और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने के आरोपों की जांच शुरू हो गई है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) ने संबंधित अधिकारियों को शिकायत की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
भदईपुरा, रुद्रपुर निवासी राजेश सिंह ने 27 जून को शिकायत दर्ज कराते हुए छह बिंदुओं पर जांच कर रेनू गंगवार की सदस्यता पर विधिक कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा और चुनाव के दौरान कथित रूप से गलत शपथ पत्र प्रस्तुत करने के आरोप लगाए गए हैं।
एडीएम द्वारा जारी पत्र के अनुसार शिकायत के बिंदु संख्या की जांच के लिए उप जिलाधिकारी किच्छा को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि जो कथित गलत शपथ पत्र और सदस्यता पर कार्रवाई से संबंधित हैं, उनकी जांच और आवश्यक कार्रवाई जिला पंचायत राज अधिकारी करेंगे।
पत्र में दोनों अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिकायत के सभी बिंदुओं पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अपनी आख्या शिकायतकर्ता के साथ-साथ एडीएम कार्यालय को भी उपलब्ध कराई जाए। मामले की प्रति जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी को भी सूचनार्थ भेजी गई है।


