गदरपुर में मुठभेड़: गोकशी के आरोपी मोईन कुरैशी गिरफ्तार, पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली

बाजपुर/गदरपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में एसओजी और गदरपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात मुठभेड़ के बाद गोकशी के वांछित आरोपी मोईन कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मोईन पुत्र यामीन कुरैशी निवासी चक्कर की मिलक, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) गदरपुर क्षेत्र में हुई गोकशी और पुलिस टीम पर फायरिंग की घटना में फरार चल रहा था। वह हाल ही में हल्द्वानी जेल से रिहा हुआ था और उसके बाद फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया था।
एसओजी प्रभारी उमेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी गोमांस की तस्करी के उद्देश्य से बाजपुर की ओर आने वाला है। इस पर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-74 स्थित कनौरा तिराहे पर चेकिंग अभियान शुरू किया।
चेकिंग के दौरान स्वार की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने बाइक तेज गति से भगा दी। पीछा करने पर बाइक अनियंत्रित होकर आम के बाग में गिर गई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुख्य आरोपी मोईन के बाएं पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, लगभग 17 किलोग्राम प्रतिबंधित गोमांस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, ₹1920 नकद, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

