रुद्रपुर से गरजी डबल इंजन सरकार, विकास के दम पर जनता का भरोसा मजबूत: अजय भट्ट

रुद्रपुर। सांसद एवं पूर्व रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने शनिवार को सिटी क्लब में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा सप्ताह कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश से कार्यक्रम का राज्यस्तरीय शुभारंभ किया, जिसका लाइव प्रसारण भी किया गया।
सांसद अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सफलतापूर्वक पांच वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रदेश में सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे लोगों का समय और धन दोनों बच रहे हैं। उन्होंने पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार, किच्छा में एम्स निर्माण, रिंग रोड, मेडिकल कॉलेज सहित कई विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में आयुर्वेद एम्स की स्थापना के लिए भी केंद्र सरकार से अनुरोध किया गया है और जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने भी मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा गया है, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत पूरे जनपद में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में आम जनता की समस्याओं का समाधान, विभिन्न प्रमाण-पत्रों का निर्माण तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
शिविर में आधार, खाद्य, नगर निगम, विद्युत, समाज कल्याण, श्रम, उद्योग, उरेडा, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, डेयरी और जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। इस दौरान 12 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल एवं श्रवण यंत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 20 लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र दिए गए तथा नगर निगम ने मौके पर जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र जारी किए। स्वयं सहायता समूहों और क्लस्टरों को लाखों रुपये की वित्तीय सहायता के चेक वितरित किए गए। साथ ही आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री प्रतिनिधि जितेंद्र गौतम, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


