Breaking News

सीमावर्ती राज्य से अंग्रेजी शराब की तस्करी का भंडाफोड़, 11 पेटी अवैध मदिरा बरामद

 

रुद्रपुर :उत्तराखंड में अवैध मदिरा तस्करी पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। सीमावर्ती राज्य उत्तर प्रदेश से अवैध रूप से लाई जा रही अंग्रेजी शराब की 11 पेटियाँ बरामद की गई हैं। साथ ही, तस्करी में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट डिजायर वाहन (UP 16 BU 5444) को भी जब्त कर लिया गया है।

सूचना तंत्र से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर विभाग की टीम ने बीते रात्रि एक सुनियोजित कार्रवाई को अंजाम दिया। मुखबिर से मिली सूचना के अनुसार संदिग्ध वाहन ट्रांजिट कैंप – फुलसूंगा मार्ग से होकर गुजरने वाला था। रात करीब 10:30 बजे वाहन को चिन्हित कर टीम ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। वाहन को शिमला बहादुर की ओर मोड़ा गया, जहां संकरी गलियों के चलते उसे रोका जा सका।

कार्रवाई के दौरान चालक भागने का प्रयास करते हुए हल्का घायल हुआ और वाहन का पिछला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन की तलाशी ली, जिसमें 11 पेटी इंपीरियल ब्लू व्हिस्की (कुल 449 पव्वे और 44 अद्धे) बरामद की गई। बरामद शराब की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹90,000/- बताई जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान:
विक्की पुत्र होरी लाल, निवासी साकेत नगर, सिंगनखेड़ा, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश), वर्तमान में गली नंबर 03, शिमला बहादुर, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर में रह रहा था।

आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड आबकारी अधिनियम की धारा 60 और 63 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, तस्करी में प्रयुक्त वाहन को धारा 72 के अंतर्गत जब्त किया गया है। अभियुक्त का चिकित्सीय परीक्षण कराए जाने के बाद न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

आबकारी विभाग के अनुसार, जनपद में अवैध शराब के व्यापार को रोकने के लिए ऐसे सघन और रणनीतिक अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.