सोशल मीडिया पर अवैध शस्त्र के साथ फोटो डालना पड़ा भारी
रुद्रपुर पुलिस ने 12 बोर की अवैध पौनिया सहित युवक को किया गिरफ्तार
रुद्रपुर:- सोशल मीडिया पर अवैध शस्त्र के साथ फोटो पोस्ट करने वाले युवक को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने युवक के कब्जे से 12 बोर की अवैध पौनिया व एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल फोटो का संज्ञान लेते हुए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। मुखबिर की सूचना पर दिनांक 02 जनवरी 2026 को एफएसएल रोड क्षेत्र से अनिल शर्मा पुत्र खूब करण शर्मा को गिरफ्तार किया गया।
बरामदगी के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में युवक के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।


