Breaking News

सतर्कता अधिष्ठान की कार्यवाई के विरोध में राजस्व कर्मियों का बगावती ऐलान, आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

Share

सतर्कता अधिष्ठान की कार्यवाई के विरोध में राजस्व कर्मियों का बगावती ऐलान, आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

रुद्रपुर/सितारगंज। तहसील सितारगंज में संग्रह अमीन और सहायक राजस्व लेखाकार पर सतर्कता अधिष्ठान द्वारा की गई ट्रैप कार्रवाई के विरोध में राजस्व विभाग के कर्मचारी संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। उत्तराखण्ड संग्रह अमीन संघ, उत्तराखण्ड लेखपाल संघ तथा उत्तराखण्ड कलैक्ट्रेट मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ ने इस कार्रवाई को विधि विरुद्ध, अवैधानिक और मानसिक उत्पीड़न करार देते हुए 30 जुलाई 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।संघों की ओर से जिलाधिकारी उधम सिंह नगर को दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि 29 जुलाई को तहसील सितारगंज के वसूली कक्ष में संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा और सहायक राजस्व लेखाकार भूपेन्द्र सिंह राणा राजस्व बकायेदार से सरकारी बकाया राशि की वैधानिक वसूली कर रसीद जारी कर रहे थे। इसी दौरान सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने उक्त राशि को रिश्वत बताते हुए ट्रैप की कार्रवाई कर दी। कर्मचारी संगठनों का आरोप है कि संबंधित कार्रवाई कलेक्शन मैनुअल के प्रावधानों के अनुरूप किए जा रहे सरकारी कार्य में हस्तक्षेप है। ज्ञापन में यह भी दावा किया गया कि शिकायतकर्ता स्वयं राजस्व बकायेदार और आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसके विरुद्ध पूर्व से कई मुकदमे दर्ज हैं।संघों ने मांग की है कि मामले की राजस्व, पुलिस और वित्त विभाग के एक-एक अधिकारी को शामिल कर संयुक्त एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही जांच पूरी होने और दोष सिद्ध होने तक संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ गिरफ्तारी या अन्य विधिक कार्रवाई पर रोक लगाई जाए। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि जांच पूरी होने से पहले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई या गिरफ्तारी की गई तो 30 जुलाई 2026 से पूरे प्रदेश में संबंधित कर्मचारी संगठन अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी सतर्कता अधिष्ठान और पुलिस प्रशासन की होगी।


Share
error: Content is protected !!