Breaking News

श्रीलंका में गूंजा भारत का परचम — रुद्रपुर के क्षितिज सिंह ने जीता स्वर्ण, ‘भारत माता की जय’ के नारों से हुआ भव्य सम्मान

श्रीलंका में गूंजा भारत का परचम — रुद्रपुर के क्षितिज सिंह ने जीता स्वर्ण, ‘भारत माता की जय’ के नारों से हुआ भव्य सम्मान

रुद्रपुर। दक्षिण एशियाई मंच पर भारत का परचम लहराते हुए जनपद के होनहार खिलाड़ी क्षितिज सिंह ने जू-जित्सु चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। श्रीलंका के डिंगाना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 9 से 12 अप्रैल तक आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए क्षितिज ने शानदार प्रदर्शन कर देश, प्रदेश और जनपद का मान बढ़ाया।
स्वर्ण पदक जीतकर लौटने पर रुद्रपुर में उनका भव्य स्वागत हुआ। जिला जु-जित्सू एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत भूषण चुघ सहित अनेक युवाओं और गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण, मिठाई और ट्रैक सूट भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान पूरे माहौल में “भारत माता की जय” के नारों की गूंज सुनाई दी।
अध्यक्ष भारत भूषण चुघ ने इसे जनपद के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि क्षितिज सिंह ने अपने आयुवर्ग में स्वर्ण जीतकर न केवल इतिहास रचा, बल्कि देश का नाम भी ऊंचा किया है। उन्होंने कोच ऋषि पाल भारती की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही जिले में जू-जित्सु खेल नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। साथ ही उन्होंने क्षितिज को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए हरसंभव सहयोग दिलाने का आश्वासन भी दिया।
कोच ऋषि पाल भारती ने बताया कि क्षितिज सिंह ने एडल्ट्स (-85 किग्रा) फाइटिंग स्पर्धा में श्रीलंका के खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा डूओ शो मिक्स्ड इवेंट में हल्द्वानी की खिलाड़ी श्रीपर्णा जोशी के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक भी हासिल किया।
लगातार 10 वर्षों की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है कि क्षितिज आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक रहे हैं। इससे पहले भी वे राष्ट्रीय स्तर पर दो स्वर्ण और एशियाई प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीत चुके हैं।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर शहर के कई गणमान्य व्यक्ति, खेल अधिकारी, प्रशिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे, जिन्होंने क्षितिज सिंह की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Advertisement

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.