Breaking News

सेवा सप्ताह कार्यक्रम आयोजित, 54 शिकायतों में से 38 का मौके पर निस्तारण

Share

सेवा सप्ताह कार्यक्रम आयोजित, 54 शिकायतों में से 38 का मौके पर निस्तारण

जसपुर। विकास खंड कार्यालय जसपुर में माननीय दर्जा राज्यमंत्री विनय रोहेला की अध्यक्षता में “सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दर्जा राज्यमंत्री विनय रोहेला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सफल नेतृत्व में पांच वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में सड़क नेटवर्क का विस्तार हो रहा है, जिससे लोगों का समय और धन दोनों की बचत हो रही है।

उन्होंने पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार, किच्छा में एम्स निर्माण, रिंग रोड, मेडिकल कॉलेज, गदरपुर बाईपास और गदरपुर बस अड्डे सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता का डबल इंजन सरकार पर पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा है, जिससे आम जनता को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।

इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री रामपाल सिंह एवं मुकेश कुमार ने भी मुख्यमंत्री धामी के पांच वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई देते हुए सरकार की उपलब्धियों पर अपने विचार रखे।

कार्यक्रम के दौरान उद्योग, मत्स्य, कृषि, श्रम, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, गन्ना विकास सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। पशुपालन विभाग ने तीन पशुपालकों को दवाइयां वितरित कीं, उद्यान विभाग ने एक किसान को कीटनाशक उपलब्ध कराया, महिला एवं बाल विकास विभाग ने चार महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की। वहीं होम्योपैथिक विभाग ने 11 तथा स्वास्थ्य विभाग ने 85 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। समाज कल्याण विभाग ने एक यूडीआईडी कार्ड बनाया तथा 22 वृद्धावस्था पेंशन संबंधी आवेदन प्राप्त किए। इसके अलावा 20 लोगों के आधार कार्ड भी बनाए गए।

कार्यक्रम के अंत में दर्जा राज्यमंत्रियों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा उनके उत्पाद भी खरीदे।

शिविर में कुल 54 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 38 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। उद्योग विभाग, सेवायोजन विभाग, रेशम विभाग तथा पंजाब नेशनल बैंक ने भी अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी लोगों को दी।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अनूप कौर, उपजिलाधिकारी राहुल शाह, खंड विकास अधिकारी कमल किशोर पांडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


Share
error: Content is protected !!