मानसून को लेकर जिला प्रशासन हाई अलर्ट, सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश

रुद्रपुर : मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, आईआरएस प्रणाली के अधिकारियों के साथ जनपद के सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नगर आयुक्त रुद्रपुर एवं काशीपुर तथा सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
बैठक में राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तीव्र वर्षा की चेतावनी को देखते हुए सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाए रखें तथा किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल प्रारंभ करें। संचार व्यवस्था हर समय सुचारू रहे, अवरुद्ध मोटर मार्गों को शीघ्र खुलवाया जाए, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24×7 सक्रिय रूप से संचालित किए जाएं।
उन्होंने नगर निगमों एवं नगर निकायों को नालियों और कलवर्टों की तत्काल सफाई कर जलभराव की समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यालय पर उपलब्ध रहने और अपने मोबाइल फोन हर समय चालू रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मानसून अवधि के दौरान किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी बिना किसी विलंब के राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ करें तथा इसकी सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

