कैंची धाम मेला एवं UKSSSC परीक्षा के चलते रुद्रपुर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू
रुद्रपुर। कैंची धाम मेला, सोमवती अमावस्या स्नान, वीकेंड पर बढ़ने वाली पर्यटकों की संख्या तथा UKSSSC परीक्षा को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने रुद्रपुर शहर क्षेत्र में विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 14 जून 2026 से जनसुविधा एवं सुगम यातायात संचालन के उद्देश्य से प्रभावी रहेगी।
यातायात योजना के अनुसार दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर से नैनीताल, कैंची धाम, काशीपुर तथा किच्छा की ओर जाने वाले वाहनों को रामपुर बॉर्डर से रिंग रोड के माध्यम से भेजा जाएगा। वहीं हरिद्वार और जसपुर से नैनीताल तथा कैंची धाम जाने वाले वाहन काशीपुर-रामनगर मार्ग का उपयोग करेंगे। मुरादाबाद से आने वाले वाहनों को बाजपुर दोराहा से कालाढूंगी मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त हरिद्वार, काशीपुर एवं गदरपुर से किच्छा, बिलासपुर और रामपुर की ओर जाने वाले वाहन एमेनिटी स्कूल से रिंग रोड का उपयोग करेंगे। पीलीभीत और खटीमा क्षेत्र से नैनीताल एवं कैंची धाम जाने वाले वाहनों को सितारगंज-चोरगलिया मार्ग से भेजा जाएगा। खटीमा, सितारगंज और किच्छा से रामपुर, बिलासपुर तथा काशीपुर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए राधास्वामी सत्संग से रिंग रोड का मार्ग निर्धारित किया गया है।
नैनीताल, कैंची धाम और हल्द्वानी से हरिद्वार, काशीपुर, दिल्ली, मुरादाबाद, सितारगंज एवं बरेली की ओर जाने वाले वाहन पारले चौक सिडकुल से रिंग रोड का उपयोग करेंगे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रुद्रपुर शहर क्षेत्र में पर्यटक एवं भारी वाहनों का प्रवेश प्रातः 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि यह व्यवस्था स्थानीय व्यक्तिगत वाहन चालकों पर लागू नहीं होगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।


