Breaking News

स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 70 के चालान, 25 वाहन सीज़

स्कूल वाहनों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 70 के चालान, 25 वाहन सीज़
ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर। विद्यालयी बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने ऊधमसिंहनगर में विशेष अभियान चलाया। संभागीय परिवहन अधिकारी, हल्द्वानी के निर्देश पर रुद्रपुर, किच्छा, पुलभट्टा, सितारगंज और खटीमा में स्कूल बसों और वैन की सघन जांच की गई।
जांच के दौरान फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार किट, आपातकालीन निकास, जीपीएस, स्पीड गवर्नर समेत अन्य सुरक्षा मानकों और दस्तावेजों की जांच की गई।
अभियान में नियमों का उल्लंघन मिलने पर 70 स्कूल वाहनों के चालान किए गए, जबकि 25 स्कूल वाहनों को सीज़ कर दिया गया। सीज़ किए गए वाहनों में 15 स्कूल बसें और पांच स्कूल वैन शामिल हैं। अन्य 45 वाहनों के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग ने विद्यालय संचालकों, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि स्कूल वाहनों का संचालन सभी सुरक्षा मानकों और वैध दस्तावेजों के साथ ही करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नवीन सिंह, परिवहन कर अधिकारी आशुतोष डिमरी, गोविंद सिंह बिष्ट, आनंद प्रकाश गुप्ता एवं प्रवर्तन स्टाफ मौजूद रहा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.