Breaking News

सब-जूनियर व जूनियर नेशनल जु-जित्सू चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों का जलवा, 26 पदक जीतकर उत्तराखंड नौवीं बार ओवरऑल चैंपियन

Share

सब-जूनियर व जूनियर नेशनल जु-जित्सू चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों का जलवा, 26 पदक जीतकर उत्तराखंड नौवीं बार ओवरऑल चैंपियन
रूद्रपुर: राष्ट्रीय स्तर पर ऊधम सिंह नगर जिले के होनहार जु-जित्सू खिलाड़ियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले व प्रदेश का नाम रोशन किया है। 19 से 23 दिसंबर 2025 तक आईजीआई स्पोर्ट्स स्टेडियम, गौलापार में आयोजित सब–जूनियर व जूनियर नेशनल जु-जित्सू चैंपियनशिप 2025 में उत्तराखंड राज्य टीम में शामिल जिले के 25 खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए 11 स्वर्ण, 8 रजत और 7 कांस्य पदक सहित कुल 26 पदक अपने नाम किए।
जिला जु-जित्सू एसोसिएशन ऑफ ऊधम सिंह नगर के महासचिव एवं कोच ऋषि पाल भारती ने बताया कि जु-जित्सू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में 22 राज्यों के 800 से अधिक खिलाड़ी तथा लगभग 150 रेफरी व जज शामिल हुए। जिले के खिलाड़ियों के शानदार योगदान से उत्तराखंड राज्य ने 56 स्वर्ण, 22 रजत और 12 कांस्य पदक सहित कुल 90 पदक जीतकर नौवीं बार ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश द्वितीय तथा असम तृतीय स्थान पर रहा।
महासचिव भारती ने बताया कि प्रतियोगिता में बबीता अधिकारी, देव चंद, शिवानिया गोस्वामी, तेजस्विनी नेगी, आराध्या, सृष्टि वशिष्ठ, प्रज्ञान बिष्ट एवं अंशिका शर्मा ने स्वर्ण पदक जीते।
सिद्धांत गौतम, अभिनव, कर्णिका कांडपाल, आरव चंदेल, आस्था राणा एवं शिवम ने रजत पदक, जबकि सिद्धांत, तेजस्विनी, लक्षिता जोशी, प्रज्ञान, अमन सिंह एवं रोहित भट्ट ने कांस्य पदक हासिल किए। सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को जिला जु-जित्सू एसोसिएशन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि आगामी अप्रैल माह में श्रीलंका में आयोजित होने वाली साउथ एशियन जु-जित्सू चैंपियनशिप में इन खिलाड़ियों को भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जु-जित्सू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारियों, जिला संघ के अधिकारियों, प्रशिक्षकों, खेल अधिकारियों एवं अभिभावकों ने बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


Share
error: Content is protected !!