Breaking News

शांति विहार में बढ़ती ड्रग गतिविधियों पर रोष—विरोध करने पर पैडलरों की पत्थरबाज़ी, गाबा के आह्वाहन पर वार्डवासी संगठित होने को तैयार

रूद्रपुर: सूखे नशे व कच्ची शराब के खिलाफ पूरे शहर में चल रहे “रूद्रपुर अगेंस्ट ड्रग्स” अभियान के तहत वार्ड 33 की शांति विहार कॉलोनी के शिव मंदिर प्रांगण में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी कल्याण सिंह परिहार ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन विक्रम रावत द्वारा किया गया। यह बैठक पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष नेहा सामंत द्वारा आयोजित की गई थी।

बैठक में समाजसेवी व “रूद्रपुर अगेंस्ट ड्रग्स” के अध्यक्ष सुशील गाबा ने क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद कर सूखे नशे की बढ़ती समस्या की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि शहर के कई हिस्सों में चल रही नशा-विरोधी मुहिम को और प्रभावी बनाने के लिए हर वार्ड में कमेटियां बनाने की जरूरत है, ताकि हुड़दंगियों के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाई जा सके। उन्होंने कहा कि नशा करने वाले और पैडलर अक्सर भय का माहौल बनाकर लोगों को चुप कराना चाहते हैं, लेकिन यदि समाज एकजुट हो जाए तो कोई भी बुराई टिक नहीं सकती।

बैठक में वक्ताओं ने बताया कि शांति विहार क्षेत्र में ड्रग्स का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। वरिष्ठ समाजसेवी विक्रम रावत ने कहा कि अभी भले ही कुछ ही युवक नशे की गिरफ्त में हैं, लेकिन हाल में रेलवे पटरी और झाड़ियों के आसपास संदिग्ध गतिविधियाँ बढ़ी हैं। यहां नशा करने के साथ ताश-जुआ जैसे कुव्यसनों का भी माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि जब किसी ने विरोध किया तो नशे में लिप्त युवा सीधे मारपीट और पत्थरबाजी पर उतर आए।

वरिष्ठ समाजसेवी कल्याण सिंह परिहार ने चिंता जताई कि यदि समय रहते इन गतिविधियों को नहीं रोका गया, तो यह नशे का मकड़जाल पूरी कॉलोनी को अपनी चपेट में ले सकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की झाड़ियों और सुनसान हिस्सों की सफाई भी इस समस्या को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

अपने संबोधन में सुशील गाबा ने दोहराया कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून या प्रशासन के भरोसे नहीं जीती जा सकती। समाज को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए संगठित होना होगा। उन्होंने कहा, “जब हम अच्छाई के रास्ते पर एक साथ खड़े होंगे, तो बुराई खुद-ब-खुद हार मान लेगी।”

अभियान के संयोजक जगदीश तनेजा ने कहा कि यदि रूद्रपुर ने नशे पर काबू पा लिया तो शहर में अपराध, दुर्घटनाएँ और सामाजिक विघटन में बड़ी कमी आ जाएगी। उन्होंने युवाओं और मातृशक्ति से इस मुहिम के साथ आगे आने की अपील की।

बैठक में पूर्व नेता प्रतिपक्ष मोनू निषाद, हैप्पी रंधावा, राकेश चन्द्र नैनवाल, विजय पुजारा, गिरीश चन्द्र पाण्डेय, अम्बा दत्त जोशी, मदन राम आर्य, नरेन्द्र नेगी, चन्दन सिंह बिष्ट, ज्योति, बीना, सरोज भट्ट सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति व युवा शक्ति मौजूद रही। सभी ने क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ अभियान को मजबूत समर्थन देने का ऐलान किया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.