मोबाइल फोन रास्ते में गिर जाने के बाद व्यक्ति के बैंक खाते से रुपए निकले

काशीपुर। मोबाइल रास्ते में गिर जाने के बाद एक व्यक्ति के दो बैंक खातों से 5,33,498 रुपये निकल गये। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। विजयनगर, महुआखेड़ागंज निवासी छत्रपाल सिंह पुत्र श्यामलाल ने आईटीआई थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीती 23 जून की सायं लगभग 6 बजे वह अपने घर से काशीपुर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनका मोबाइल कहीं गिर गया। अगले दिन उन्होंने कोतवाली काशीपुर में मोबाईल गुम हो जाने की रिपोर्ट दर्ज करायी, उनके मोबाईल में बैंक पासबुक की फोटो थी और अन्य दस्तावेज भी थे। उनका मोबाइल नं. बैंक खातों से जुड़ा था, उन्होंने दोबारा सिम कार्ड निकलवाया।
छत्रपाल ने बताया कि नया सिम डालते ही उनके फोन में मैसेज आया तो पता चला कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनके मोबाइल नम्बर से यूपीआई आईडी बनाकर उनके खातों से रुपये निकाले जा रहा है। जिसके बाद उसने अपने बैंक खाते बंद कराये लेकिन तब तक उनके 2 बैंक खातों से कुल 5,33,498 रुपये निकाल लिये गये। उन्होंने पुलिस से कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
छत्रपाल सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66डी व बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



