अधिवक्ता नवनीश नेगी को धमकी: अमनदीप कौर ने आरोपी की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग
उत्तराखंड में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की भी उठी मांग
खबरीलाल खोज (मनीश बावा )रुद्रपुर, उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड, कोटद्वार के दीपक कुमार प्रकरण समेत विभिन्न जनहित के मामलों में पैरवी कर रहे अधिवक्ता नवनीश नेगी को धमकी दिए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। धमकी से आक्रोशित प्रदेश बार काउंसिल की सदस्य एवं ऑल इंडिया लॉयर्स एसोसिएशन फॉर जस्टिस (AILAJ) की सदस्य अधिवक्ता अमनदीप कौर ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए धमकी देने वाले आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, नवनीश नेगी की सुरक्षा और उत्तराखंड में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग की है।
प्रेस को जारी बयान में अमनदीप कौर ने कहा कि AILAJ की ओर से अधिवक्ता नवनीश नेगी को धमकी दिए जाने की कठोर शब्दों में निंदा की जाती है। उन्होंने कहा कि पुलिस को मामले को गंभीरता से लेते हुए धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करना चाहिए और अधिवक्ता नवनीश नेगी की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि नवनीश नेगी संवेदनशील, अध्ययनशील और जहीन अधिवक्ता हैं, जो न्याय की लड़ाई के लिए प्रतिबद्ध हैं। ऐसे व्यक्ति को धमकी दिया जाना बेहद निंदनीय और गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि धमकी देने वाले ने अपनी पहचान छिपाकर ऐसी भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकी दी, जिसे आम व्यक्ति के लिए पढ़ना आसान नहीं है। ऐसे में पूरे मामले की गंभीरता से जांच किए जाने की जरूरत है।
अमनदीप कौर ने कहा कि धमकी देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। धमकियों के जरिए न्याय की लड़ाई को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। AILAJ अधिवक्ता नवनीश नेगी के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और न्याय के पक्ष में उनके जज्बे व प्रतिबद्धता का समर्थन करता है।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ता बिना किसी भय या दबाव के न्यायालय में अपनी जिम्मेदारी निभा सकें, इसके लिए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। कई राज्यों में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू है। ऐसे में उत्तराखंड में भी इसी विधानसभा सत्र में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाना चाहिए.


