Breaking News

रुद्रपुर के सूरज, रेशु, तबस्सुम और मेहर ने कुमाऊँ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में लहराया सफलता का परचम

सूरज, रेशु, तबस्सुम और मेहर ने बढ़ाया रुद्रपुर एस.बी.एस. कॉलेज का मान
कुमाऊँ विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में प्राप्त की पीएचडी की उपाधि

रुद्रपुर/नैनीताल: कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल का 20वां दीक्षांत समारोह डी.एस.बी. परिसर के ए.एन. सिंह हॉल में भव्य रूप से आयोजित हुआ। यह अवसर ऐतिहासिक रहा, क्योंकि पहली बार किसी राष्ट्रपति की उपस्थिति विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में दर्ज हुई। महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू इस समारोह की मुख्य अतिथि रहीं।

अपने संबोधन में महामहिम ने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला है। इसका उद्देश्य केवल ज्ञान और कौशल का विकास नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र और नैतिक बल को सुदृढ़ करना भी होना चाहिए।

इस अवसर पर रुद्रपुर स्थित एस.बी.एस. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के चार शोधार्थियों — डॉ. तबस्सुम नाज़, डॉ. सूरज कुमार, डॉ. रेशू पनेरू और डॉ. मेहर बानो — को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई।

डॉ. तबस्सुम नाज़ ने अर्थशास्त्र विषय में “Economic and Health Status of Labour in Urban Informal Sector of Uttar Pradesh (A Study of Brass Industry in Moradabad)” विषय पर शोधकार्य पूर्ण किया। इनके शोध-निर्देशक डॉ. मनीषा तिवारी हैं, जो वर्तमान में निदेशालय उच्च शिक्षा, उत्तराखण्ड में सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत हैं।

डॉ. सूरज कुमार (पुत्र स्व. रामचंद्र एवं माता जानकी देवी) ने भूगोल विषय में डॉ. कमला बोरा (सहायक प्राध्यापक, भूगोल विभाग) के निर्देशन में “तराई-भाबर क्षेत्र के सूखी नदी बेसिन में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भौगोलिक अध्ययन” विषय पर शोधकार्य पूर्ण किया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों और मित्रों को दिया।

डॉ. रेशू पनेरू ने हिन्दी विषय में डॉ. शंभू दत्त पांडे “शैलेय” के निर्देशन में “समकालीन हिंदी कथाकार एवं विद्रोह के प्रमुख आयाम” विषय पर शोधकार्य किया। उन्होंने अपनी सफलता के लिए अपने गुरुजनों, माता-पिता, परिवार व सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

डॉ. मेहर बानो ने हिन्दी विषय में डॉ. रूमा शाह के निर्देशन में अपना शोधकार्य पूर्ण किया।

चारों शोधार्थियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से एस.बी.एस. कॉलेज परिवार में हर्ष की लहर है। महाविद्यालय के प्राचार्य व समस्त स्टाफ ने शोधार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.