Breaking News

रुद्रपुर में मारपीट में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत, तीन आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर में मारपीट में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत, तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त बताई जा रही प्लेटिना बाइक कब्जे में ली

रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। रुद्रपुर रोडवेज बस अड्डे के पास अमन टी स्टॉल के सामने हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास खड़ी एक प्लेटिना मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12:30 बजे की है। रोडवेज स्थित अमन टी स्टॉल के सामने रम्पुरा वार्ड नंबर 22 निवासी राजेश पुत्र स्वर्गीय छोटे लाल के साथ मारपीट की गई थी। इस संबंध में राजेश की मां सुनीता देवी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके बेटे के साथ गाली-गलौज करते हुए उसके सिर पर पत्थर से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।

घायल राजेश को उपचार के लिए राधिका अस्पताल, बरेली में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मामले में पुलिस ने वादिनी की तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा संख्या 581/2026 के तहत धारा 109, 351(2) और 352 बीएनएस में प्राथमिकी दर्ज की थी। युवक की मृत्यु के बाद पुलिस ने धारा 109 बीएनएस को धारा 103(1) बीएनएस में तरमीम कर दिया। साथ ही सामूहिक रूप से अपराध किए जाने के संबंध में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर रोडवेज बस अड्डे के पास से चेतन वर्मा को गिरफ्तार किया। इसके बाद आवास विकास स्थित शिव मंदिर के पास से प्रेम प्रशांत और गौरव कुमार को भी दबोच लिया गया। तीनों आरोपियों को 31 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेतन वर्मा निवासी ग्राम भटोली, जिला अल्मोड़ा (वर्तमान निवासी ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर), प्रेम प्रशांत निवासी जिला रोहतक, हरियाणा और गौरव कुमार निवासी ग्राम खेड़ा, जिला मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के पास खड़ी प्लेटिना मोटरसाइकिल संख्या UP21DF3724 को कब्जे में लिया है। मौके पर बाइक के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। पुलिस के अनुसार, घटना में मोटरसाइकिल की भूमिका की जांच अभी विवेचना के दौरान की जा रही है।

तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विवेचना जारी है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संदीप शर्मा, अपर उपनिरीक्षक अमित कुमार, कांस्टेबल प्रवीण रावत और कांस्टेबल मोहन प्रकाश शामिल रहे। इसके अतिरिक्त उपनिरीक्षक प्रदीप पंत और अपर उपनिरीक्षक नवीन जोशी ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.