नवरात्रि-ईद पर हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर,अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्यवाई,एसएसपी अजय गणपति

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर:चैत्र नवरात्रि और ईद-उल-फितर के मद्देनज़र ऊधमसिंहनगर पुलिस ने जनपद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी के निर्देशानुसार जनपद के संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की लगातार गश्त जारी है। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।
नवरात्रि के दौरान मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं। मंदिर परिसरों में बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्गों का निर्धारण और कतारबद्ध दर्शन व्यवस्था लागू की गई है। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है।
वहीं, ईद-उल-फितर के अवसर पर मस्जिदों और नमाज स्थलों पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। नमाज के दौरान भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। नमाज स्थलों के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए भी पुलिस को अलर्ट किया गया है।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर 24 घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने जनपदवासियों से अपील की है कि सभी लोग आपसी भाईचारा बनाए रखें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने साफ कहा कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



