Breaking News

एक साल बाद जागी पुलिस,धरना, आंसू और फिर कार्यवाई,पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पर दर्ज हुआ आपराधिक मुकदमा

Share

एक साल बाद जागी पुलिस,धरना, आंसू और फिर कार्यवाई,पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पर दर्ज हुआ आपराधिक मुकदमा

रुद्रपुर: कोतवाली में कांग्रेस नेत्री एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा के धरने के बाद आखिरकार पुलिस ने एक वर्ष पूर्व वायरल हुई ऑडियो प्रकरण में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 252 एवं 79 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप सिद्ध होने की स्थिति में इन धाराओं में दो से तीन वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।
मंगलवार को मीना शर्मा दर्जनों महिलाओं के साथ कोतवाली पहुंचीं और एक वर्ष पुराने वायरल ऑडियो मामले में अब तक कार्रवाई न होने पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मामला सार्वजनिक रूप से सामने आ चुका था, तो पुलिस ने अब तक कोई ठोस कदम क्यों नहीं उठाया।
धरने के दौरान मीना शर्मा भावुक हो गईं और उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने यहां तक कह दिया कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह आत्मदाह करने को मजबूर होंगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एसडीएम मनीष विष्ट, कोतवाल मनोज रतूड़ी एवं क्षेत्राधिकारी प्रशान्त कुमार पहुंचे और मीना शर्मा से वार्ता की।
एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद धरना समाप्त कराया गया।
धरना समाप्त होने के कुछ ही समय बाद पुलिस ने वायरल ऑडियो के आधार पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धारा 79 बीएनएस महिलाओं के खिलाफ अपशब्द कहने, चरित्र हनन एवं अपमानजनक भाषा के मामलों में लगाई जाती है। वहीं अन्य धारा में भी कठोर दंड का प्रावधान है।
मामले में आगे की विवेचना जारी है।


Share
error: Content is protected !!