Breaking News

बिलासपुर–डिवडिबा के लोगों से भरी बोलेरो खाई में गिरी, चंपावत में मचा कोहराम—नाबालिग समेत 5 की मौत, 5 घायल,अंधेरे में टीमों ने चलाया राहत अभियान

रुद्रपुर/ बिलासपुर: टनकपुर–पिथौरागढ़ मार्ग, चंपावत जिले में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहाँ एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और SDRF की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुँचकर घने अंधेरे और दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया।

रेस्क्यू टीमों ने खाई से 10 लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जिनमें से 5 की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि अन्य 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर डिवडिबा और सुभाष नगर क्षेत्र (रुद्रपुर के पास) के कुछ लोग जिला चंपावत के लोहाघाट क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे, तभी हादसा हुआ। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है।

घटना में प्रकाश चंद उनियाल, केवल चंद्र उनियाल और उनके भाई सुरेश नौटियाल (पंतनगर निवासी) सहित पाँच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। बताया जा रहा है कि मृतकों में एक नाबालिग और परिजनों के करीबी रिश्तेदार भी शामिल हैं।

दुर्घटना की सूचना के बाद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुँचे। पूरे गांव में शोक की लहर है, और बताया जा रहा है कि कल एक ही घर से तीन अर्थियाँ उठेंगी, जिससे वातावरण और भी गमगीन हो गया है।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.