अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग-कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का मुख्यमंत्री धामी ने लिया जायजा, गदरपुर में वाटर स्पोर्ट्स का भी उठाया आनंद

खेल अवसंरचना और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध, विधायक अरविंद पांडे के आवास पर भी पहुंचे मुख्यमंत्री
गदरपुर। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर के गदरपुर में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वाटर स्पोर्ट्स का आनंद भी लिया तथा आयोजन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं, ताकि अंतर्राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन का सफल संचालन सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेल अवसंरचना के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों से साहसिक खेलों को प्रोत्साहन मिलेगा और प्रदेश में पर्यटन, स्थानीय रोजगार तथा आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनके बच्चों को आशीर्वाद दिया और परिवार से भेंट की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

