Breaking News

खटीमा के बग्घा चौवन में मुख्यमंत्री धामी ने किया जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ, मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं

Share

खटीमा के बग्घा चौवन में मुख्यमंत्री धामी ने किया जनसंपर्क अभियान का शुभारंभ, मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा के बग्घा चौवन में “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम के तहत आयोजित विशेष जनसंपर्क अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर क्षेत्रवासियों ने छोलिया एवं थारू सांस्कृतिक नृत्य के साथ पुष्प मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उनके दो दिवसीय खटीमा प्रवास की शुरुआत बग्घा चौवन से हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं और भारत आज वैश्विक स्तर पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरकर सामने आया है।
उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, हर घर जल योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना के माध्यम से प्रदेश के नागरिकों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जो दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजनाओं में से एक है।
मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी के दौरान केंद्र सरकार द्वारा संचालित गरीब कल्याण अन्न योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे करोड़ों लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया गया। साथ ही स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर देशवासियों को मुफ्त टीकाकरण उपलब्ध कराया गया तथा 100 से अधिक देशों को वैक्सीन भेजकर भारत ने विश्व बंधुत्व का परिचय दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई तथा युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून बनाया गया। इसके तहत 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है और अब तक 33 हजार से अधिक नियुक्तियां पारदर्शी तरीके से की जा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बग्घा चौवन क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्यमंत्री रंजीत सिंह नामधारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, राजपाल सिंह, विमला बिष्ट, सोमनाथ मौर्य, मोहन सिंह चुफाल, देवेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


Share
error: Content is protected !!