Breaking News

कोर्ट का आदेश बेअसर! ताले टूटे, मंदिर पर कब्जे की कोशिश, पुलिस पर उठे सवाल

Share

कोर्ट का आदेश बेअसर! ताले टूटे, मंदिर पर कब्जे की कोशिश; पुलिस पर उठे सवाल
उच्चाधिकारियों के निर्देश के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप, पीड़ित ने दी अवमानना की चेतावनी

रुद्रपुर। न्यायालय के आदेश के बावजूद विवादित संपत्ति में कथित हस्तक्षेप और कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता कांता प्रसाद गंगवार ने रुद्रपुर पुलिस पर न्यायालय के आदेश का अनुपालन नहीं कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उच्च पुलिस अधिकारियों की ओर से कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद स्थानीय पुलिस मामले में प्रभावी कदम नहीं उठा रही है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने कांता प्रसाद गंगवार बनाम गेंदन लाल आदि के नाम से मूल वाद संख्या 252/2025 सिविल जज सीनियर डिवीजन, रुद्रपुर के न्यायालय में दायर किया था। आरोप है कि न्यायालय ने चार अक्टूबर 2025 को आदेश पारित करते हुए गेंदन लाल और उनके सहयोगियों को विवादित संपत्ति पर कब्जा करने, हस्तक्षेप करने, संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने अथवा उसका उपयोग करने से रोक दिया था।
शिकायतकर्ता का कहना है कि वह पिछले करीब 15 दिनों से शहर से बाहर था। इसी दौरान गेंदन लाल, ओम प्रकाश, राम प्रसाद, विजय पाल सहित तीन-चार अन्य लोगों ने कथित रूप से संपत्ति में बने कमरों के ताले तोड़ दिए और मंदिर पर कब्जा करने का प्रयास किया। मंदिर में रखा दानपत्र ले जाने और कमरों में रखा सामान गायब करने का आरोप भी लगाया गया है।
अधिकारियों की रिपोर्ट में भी कार्रवाई के निर्देश
शिकायतकर्ता के मुताबिक मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की गई थी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की। शिकायतकर्ता का दावा है कि क्षेत्राधिकारी नगर रुद्रपुर की रिपोर्ट में थाना प्रभारी को न्यायालय के आदेश के क्रम में विधिक कार्रवाई कर उसका अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए थे।
शिकायतकर्ता ने क्षेत्राधिकारी नगर रुद्रपुर प्रशांत कुमार की 11 अप्रैल 2026 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए भी कहा कि इसमें न्यायालय में मामला विचाराधीन होने के कारण थाना प्रभारी को न्यायालय के आदेश के अनुरूप कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
“आदेश कोर्ट का, कार्रवाई कब?”
पीड़ित का आरोप है कि न्यायालय के आदेश और पुलिस अधिकारियों के निर्देश के बावजूद रुद्रपुर कोतवाली व रमपुरा चौकी स्तर से कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने पुलिस पर विपक्षी पक्ष के साथ मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की और विवादित संपत्ति पर उनका आना-जाना जारी रहा तो वह रुद्रपुर प्रभारी निरीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर, एसएसपी ऊधम सिंह नगर और पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं मंडल के विरुद्ध न्यायालय में अवमानना की कार्रवाई की मांग करेगा।
पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


Share
error: Content is protected !!