रुद्रपुर में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

रुद्रपुर: सिडकुल क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब ओमेक्स कॉलोनी के सामने एक खेत में पेड़ से लटका युवक का शव बरामद हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
रुद्रपुर के सिडकुल क्षेत्र में स्थित ओमेक्स कॉलोनी के ठीक सामने एक खेत में युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. यह घटना उस समय सामने आई जब खेत स्वामी ने अपने खेत में लगे जामुन के पेड़ पर एक व्यक्ति को फंदे से लटका देखा. इस दृश्य को देखकर वह घबरा गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया. इसके बाद पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन शुरुआत में किसी को भी उसके बारे में जानकारी नहीं थी.
जांच के दौरान मृतक के पास से एक आधार कार्ड बरामद हुआ. जिसके आधार पर उसकी पहचान मुकेश (उम्र लगभग 40 वर्ष), पुत्र लाल सिंह, निवासी ग्राम धनाड़, थाना चौखुटिया, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई. इसके अलावा मृतक के पास से एक मोबाइल फोन और जेब में कुछ लिखे हुए कागजात भी मिले हैं. जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है.
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. क्षेत्राधिकारी (सीओ) दौलत राम आर्य ने बताया प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.
घटना के बाद आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल है. लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है. उनके आने का इंतजार किया जा रहा है.

