हरिद्वार: मंदिर में पुजारी की निर्मम हत्या से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

हरिद्वार : हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र के भोगपुर गांव में एक मंदिर के अंदर पुजारी की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने पुजारी पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
रविवार सुबह मंदिर में खून से लथपथ शव मिलने के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान राजवीर के रूप में हुई है, जो मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी क्षेत्र के गोधना गांव के निवासी थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि राजवीर करीब तीन महीने पहले भोगपुर के एक निजी मंदिर में पुजारी के रूप में आए थे और वहीं रहकर पूजा-पाठ व सेवा कार्य करते थे।
मंदिर स्वामी के अनुसार, घटना से पहले तक सब कुछ सामान्य था। शनिवार शाम को उनकी पुजारी से मुलाकात भी हुई थी।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सिर और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे धारदार हथियार से हमले की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारण, आरोपियों की पहचान और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है। गांव में घटना के बाद डर और तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

