भीषण गर्मी के चलते स्कूलों का समय बदला, सुबह 7 से 11:30 बजे तक चलेंगे विद्यालय
रुद्रपुर : भीषण गर्मी और हीट वेव के बढ़ते खतरे को देखते हुए नितिन सिंह भदौरिया ने बड़ा फैसला लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखण्ड के मैदानी क्षेत्रों में लगातार तापमान बढ़ रहा है, जिससे डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ने की आशंका जताई गई है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों, प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालय अब आगामी एक सप्ताह तक अर्धदिवसीय (Half Day) व्यवस्था में संचालित किए जाएंगे। विद्यालयों का संचालन सुबह 07:00 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक होगा। यह व्यवस्था ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित होने तक प्रभावी रहेगी।
प्रशासन ने विशेष रूप से शिशुओं, छात्र-छात्राओं, गर्भवती एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। आदेश में सभी विभागीय अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन समितियों और संस्थान प्रमुखों को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


