रुद्रपुर में ऐतिहासिक लाईट एंड साउंड शो: श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत वर्ष पर ‘धर्म की चादर’ का भव्य मंचन

रुद्रपुर: श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहादत वर्ष को समर्पित एक ऐतिहासिक लाईट एंड साउंड शो रुद्रपुर में आयोजित होने जा रहा है। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा एवं स्थानीय सिख युवाओं के सहयोग से नाटक मंचन “धर्म की चादर” आगामी रविवार, 28 दिसंबर 2025 को जेसीज पब्लिक स्कूल, गंगापुर रोड, रुद्रपुर के ऑडिटोरियम में प्रस्तुत किया जाएगा।
श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के जीवन, आदर्शों और उनकी अद्वितीय शहादत पर आधारित यह नाटक तालगुरु प्रोडक्शंस, चंडीगढ़ द्वारा निर्देशित है। यह मंचन हाल ही में दिल्ली के लालकिले सहित देश के कई प्रांतों में सराहा जा चुका है। कार्यक्रम के लिए चंडीगढ़ से लगभग 20 कलाकारों की टीम रुद्रपुर पहुंचेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 01:30 बजे होगा। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
माननीय कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार, सरदार बलदेव सिंह औलख, तथा रुद्रपुर के मेयर श्री विकास शर्मा जी अति विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता काशीपुर के पूर्व विधायक सरदार हरभजन सिंह चीमा जी करेंगे।
इसके अतिरिक्त विधायक श्री शिव अरोड़ा जी, विधायक श्री तिलकराज बेहड़ जी और दिल्ली सिख गुरुद्वारा कमेटी के महासचिव सरदार जगमीत सिंह काहलों जी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। कार्यक्रम के संयोजक सरदार गुरदीप सिंह सहोता, अध्यक्ष उत्तराखंड सिख कोऑर्डिनेशन कमेटी हैं।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को नमन करते हुए परिवार सहित बड़ी संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करें और समय से पहुंचकर इसे सफल बनाएं।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि समाज के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ-साथ युवाओं की भी इस आयोजन में उत्साहपूर्ण भागीदारी रहेगी।

