Breaking News

संजय वन बनेगा कुमाऊँ का नया पर्यटन हॉटस्पॉट, सांसद अजय भट्ट ने किया औचक निरीक्षण

रुद्रपुर: पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल–उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने शुक्रवार को पर्यटन की दृष्टि से अपने ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किए जा रहे संजय वन का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। रामपुर रोड स्थित संजय वन पहुंचकर सांसद ने लगभग डेढ़ घंटे तक सौंदर्यकरण सहित चल रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान श्री भट्ट ने देखा कि सुबह से ही संजय वन में पर्यटकों, परिवारों और छोटे बच्चों की अच्छी-खासी चहल-पहल बनी हुई है। उन्होंने बढ़ती पर्यटक संख्या पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे और अधिक आकर्षक एवं सुविधाजनक बनाने के लिए विस्तार की रणनीति पर अधिकारियों के साथ चर्चा की। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों से उन्होंने सौंदर्यकरण, सुरक्षा और पर्यटक सुविधाओं को लेकर की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी भी ली।
सांसद श्री भट्ट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संजय वन के मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण कुमाऊनी शैली में शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि करीब 74 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस भव्य प्रवेश द्वार सहित अन्य विकास कार्यों को सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि संजय वन का उद्घाटन शीघ्र ही मुख्यमंत्री द्वारा कराया जाएगा।
श्री भट्ट ने कहा कि लंबे समय तक पर्यटक गतिविधियों के लिए बंद रहने के बाद संजय वन को पुनः विकसित कर इसे एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है। वर्तमान में यहां हाईटेक नर्सरी, वन्य जीव पार्क, नवग्रह पार्क तथा 12 राशियों के अनुरूप विकसित सुंदर एवं रमणीय पार्क पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं, जिससे यहां आने वाले सैलानियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सांसद ने संजय वन के भीतर इलेक्ट्रिक वाहनों से भ्रमण की व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा के दृष्टिगत वन क्षेत्र में एक पुलिस चौकी खोलने का प्रस्ताव भी रखा गया। वन्य जीवों से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने संजय वन के चारों ओर लगी सोलर फेंसिंग की वोल्टेज बढ़ाने के निर्देश प्रभागीय वन अधिकारी को दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद श्री भट्ट ने वन सचिव श्री आर.के. सुधांशु से दूरभाष पर वार्ता कर विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शेष बचे सभी कार्यों को तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि संजय वन को जल्द से जल्द पर्यटकों के लिए एक आदर्श एवं आकर्षक स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।
भविष्य की योजनाओं पर जानकारी देते हुए श्री भट्ट ने बताया कि आगे चलकर संजय वन क्षेत्र में पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर संजय वन कुमाऊँ क्षेत्र के पर्यटन को नई पहचान देने की क्षमता रखता है और इसके विकास से स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.