दिशा बैठक में सांसद अजय भट्ट का प्रशासन को अल्टीमेटम, योजनाएं समय पर पूरी करने के निर्देश

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर: कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद अजय भट्ट ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को गंभीरता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि दिशा बैठक की मॉनिटरिंग स्वयं प्रधानमंत्री द्वारा की जाती है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सांसद ने कहा कि अधिकारी सभी योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को समय-समय पर उपलब्ध कराएं तथा योजनाओं का शुभारंभ और लोकार्पण जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे।
बैठक में शक्तिगढ़ के अधिशासी अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर सांसद ने कड़ी नाराजगी जताते हुए मुख्य विकास अधिकारी को स्पष्टीकरण लेने और वेतन रोकने के निर्देश दिए। वहीं काशीपुर क्षेत्र में विद्युत विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों पर भी उन्होंने असंतोष जताया और जिलाधिकारी को कार्यों की समीक्षा कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
गर्मी के मौसम को देखते हुए सांसद ने पेयजल और विद्युत विभाग को पहले से तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल लाइनों और ओवरहेड टैंकों की मरम्मत कराई जाए तथा जरूरत पड़ने पर टैंकरों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही नलकूपों में लगे ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनों को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए सांसद ने पेयजल योजनाओं के तहत खोदी गई सड़कों और लीकेज पाइपलाइनों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने को कहा। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
आनंदखेड़ा, बेतखेड़ी और बुक्सौरा पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई और वसूली करने के निर्देश भी दिए। अधीक्षण अभियंता ने जानकारी दी कि बुक्सौरा पेयजल लाइन और ओवरहेड टैंक की लीकेज ठीक करा दी गई है।
बैठक में ईएसआईसी चिकित्सालय की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अस्पताल करीब 2 लाख 16 हजार ईएसआईसी कार्ड धारकों सहित लगभग 8 लाख लोगों को चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करता है, लेकिन 21 विशेषज्ञ चिकित्सकों के स्थान पर केवल 3 विशेषज्ञ ही तैनात हैं। इस पर सांसद ने चिकित्सकों और अन्य स्टाफ की कमी का प्रस्ताव बनाकर केंद्र सरकार को भेजने के निर्देश दिए।
रुद्रपुर बाईपास के निर्माण कार्य की समीक्षा में बताया गया कि 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और 20 मार्च के बाद इसे ट्रायल के लिए खोला जाएगा। सांसद ने कहा कि अप्रैल के पहले सप्ताह में वे स्वयं बाईपास का निरीक्षण करेंगे।
इसके अलावा सांसद ने लेवड़ा नदी क्षेत्र में बाढ़ से बचाव के लिए पुल निर्माण, छत्तरपुर अंडरपास कार्य में तेजी, किच्छा में फॉरेंसिक विश्वविद्यालय के लिए भूमि चिन्हित करने, गौशालाओं के निर्माण और शहरों के ड्रेनेज प्लान की भी समीक्षा की।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सभी अधिकारियों को सांसद द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए योजनाओं में तेजी लाने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री मुकेश कुमार, ब्लॉक प्रमुख चन्द्र प्रभा, नगर पालिका गदरपुर के चेयरमैन मनोज गुम्बर सहित जनप्रतिनिधि और जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



