बारावफात जुलूस में भड़काऊ भाषण, मौलाना मुजीब गिरफ्तार
त्रिशूल चौक पर खुले वाहन से भाषण देने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान, बीएनएस की धाराओं में मुकदमा

रुद्रपुर। बारावफात जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक के पास कथित भड़काऊ एवं उकसाऊ भाषण देने के मामले में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने खेड़ा मदरसा के प्रधानाचार्य मौलाना मुफ्ती मुजीब अहमद को गिरफ्तार कर लिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने मामले में प्रभावी विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को बारावफात पर्व के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ। इसमें त्रिशूल चौक के पास बारावफात जुलूस के दौरान खुले वाहन में बैठे मौलाना मुफ्ती मुजीब अहमद द्वारा कथित रूप से भड़काऊ एवं उकसाऊ भाषण दिए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इससे विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच वैमनस्यता और सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज किया।
विवेचना में बढ़ाई धारा
पुलिस ने एफआइआर संख्या 434/2026 में धारा 196(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन के आधार पर आरोपित के विरुद्ध धारा 152(2) बीएनएस का अपराध भी पाया गया। इसके बाद मुकदमे में उक्त धारा की बढ़ोतरी की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने शनिवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान मुफ्ती मुजीब अहमद पुत्र जमील अहमद, प्रधानाचार्य खेड़ा मदरसा, मूल निवासी पर्वतपुर, थाना टांडा, जनपद रामपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपित को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
भड़काऊ पोस्ट साझा करने से बचें
एसएसपी अजय गणपति ने जिलेवासियों से आपसी भाईचारा, शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म, समुदाय या वर्ग की भावनाओं को आहत करने वाले भड़काऊ वक्तव्य, अफवाह या आपत्तिजनक सोशल मीडिया सामग्री को बिना सत्यापन प्रसारित या साझा न करें।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा भड़काऊ सामग्री के माध्यम से कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष और कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


