गौरक्षा के लिए अब बुलंद होगी आवाज, जसवीर सिंह उर्फ डिम्पल को मिली मुरादाबाद मंडल की कमान
राष्ट्रीय सनातन एकता संघ भारत ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बोले जसवीर सिंह—गौ माता और बेजुबानों पर अत्याचार अब बर्दाश्त नहीं, हर पीड़ित जीव की आवाज बनूंगा।
ख़बरीलाल खोज ( मनीश बावा ) रामपुर। गौरक्षा और बेजुबान जीवों की सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय सनातन एकता संघ भारत ने जसवीर सिंह उर्फ डिम्पल को गौरक्षा प्रकोष्ठ का मंडल अध्यक्ष, मुरादाबाद नियुक्त किया है। संगठन की ओर से सौंपी गई इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पर जसवीर सिंह ने शीर्ष नेतृत्व एवं समस्त पदाधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
जिम्मेदारी मिलते ही जसवीर सिंह उर्फ डिम्पल ने अपने इरादे स्पष्ट करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए कोई दिखावा या प्रतिष्ठा का माध्यम नहीं, बल्कि बेजुबान जीवों की सेवा और उनके अधिकारों की रक्षा करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि गाय माता, नंदी बाबा और अन्य बेजुबान पशुओं के साथ होने वाले अत्याचार, उपेक्षा और क्रूरता के खिलाफ आवाज उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने दो टूक कहा कि जिस जीव के पास अपना दर्द बयां करने के लिए जुबान नहीं है, उसकी आवाज बनना ही सच्ची मानवता है। गौ माता सड़क पर भूखी-प्यासी भटके, नंदी बाबा घायल अवस्था में पड़े हों या किसी बेजुबान पर अत्याचार हो रहा हो, ऐसी परिस्थितियों में आंखें बंद करके बैठना उचित नहीं है। हर पीड़ित जीव की मदद के लिए कानून के दायरे में रहकर आवाज उठाई जाएगी।
जसवीर सिंह ने कहा कि सनातन धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक जीव के प्रति दया, करुणा और सेवा का संदेश देता है। इस धर्म में गाय माता और नंदी बाबा के साथ-साथ एक छोटी-सी चींटी का भी महत्व है। जब तक हमारे भीतर हर जीव के प्रति संवेदना नहीं होगी, तब तक सेवा और धर्म का वास्तविक अर्थ अधूरा रहेगा।
उन्होंने संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों को विश्वास दिलाया कि वह इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे तथा तन, मन और धन से गौरक्षा एवं जीव सेवा के कार्यों में योगदान देंगे।
जसवीर सिंह उर्फ डिम्पल का स्पष्ट संदेश है—गौरक्षा केवल नारे लगाने से नहीं, बल्कि जमीन पर उतरकर सेवा करने से होती है। बेजुबानों की रक्षा करना ही उनका संकल्प और सेवा ही उनकी पहचान होगी।





