Breaking News

200 सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल के बाद खुला साईं मंदिर चोरीकांड, शातिर चोर गिरफ्तार

200 सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल के बाद खुला साईं मंदिर चोरीकांड, शातिर चोर गिरफ्तार

काशीपुर पुलिस ने मेरठ निवासी आरोपी त्रिलोक सिंह उर्फ शोले को दबोचा

65 हजार रुपये कीमत के चांदी के टुकड़े और 20 हजार रुपये नकद बरामद

दिल्ली, हापुड़ और मुरादाबाद तक खंगाले गए करीब 200 CCTV कैमरे

मंदिर की रेकी कराने वाले समेत दो वांछित आरोपियों की तलाश जारी

 

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) काशीपुर।कुण्डेश्वरी रोड स्थित साईं मंदिर में हुई चोरी की वारदात का काशीपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी किए गए चांदी के कटे हुए टुकड़े, जिनकी कीमत करीब 65 हजार रुपये बताई गई है, और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान त्रिलोक सिंह उर्फ शोले निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर 2026 की रात कुण्डेश्वरी रोड स्थित साईं मंदिर से चांदी की मूर्तियां चोरी कर ली गई थीं। मामले में 16 सितंबर को मनोज ऐरी की तहरीर पर कोतवाली काशीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस की कई टीमें गठित की गईं।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्धों का सुराग लगाने के लिए मुरादाबाद, हापुड़ और दिल्ली तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि आरोपी KTM Duke बाइक से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू की।

18 नवंबर को पुलिस ने मुखबिर की सूचना और सुरागरसी के आधार पर त्रिलोक सिंह उर्फ शोले को थाना कुंडा क्षेत्र में किमाया रिसोर्ट के पास हाईवे को जोड़ने वाली सर्विस रोड से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के चांदी के टुकड़े और 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर मंदिर में चोरी करने और चोरी की संपत्ति आपस में बांटने की बात कबूल की। उसने बताया कि चोरी का एक हिस्सा मंदिर की रेकी कराने वाले व्यक्ति को देने के लिए वह काशीपुर आया था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश में चोरी सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। हरियाणा के फरीदाबाद और दिल्ली के अन्य थानों में भी उसके खिलाफ मुकदमे होने की जानकारी सामने आई है।

इस मामले में पुलिस को अभी दो अन्य आरोपियों मनप्रीत सिंह उर्फ सन्नी और अवतार सिंह की तलाश है। इनमें अवतार सिंह पर मंदिर की रेकी कराने का आरोप है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी और शेष चोरी के माल की बरामदगी के प्रयास कर रही है। कार्रवाई में कुंडेश्वरी चौकी और एसओजी काशीपुर की टीम शामिल रही।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.