Breaking News

शहर में अब घर के पास मिलेगी कैंसर विशेषज्ञ की सलाह, बीएलके-मैक्स हॉस्पिटल ने शुरू की GI ऑन्कोलॉजी ओपीडी

शहर में अब घर के पास मिलेगी कैंसर विशेषज्ञ की सलाह, बीएलके-मैक्स हॉस्पिटल ने शुरू की GI ऑन्कोलॉजी ओपीडी

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा )रुद्रपुर। रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों के कैंसर मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। नई दिल्ली के बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ने किच्छा स्थित किशोर हॉस्पिटल में गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (जीआई) ऑन्कोलॉजी ओपीडी सेवाओं की शुरुआत कर दी है। इस नई पहल से अब मरीजों को शुरुआती परामर्श और विशेषज्ञ सलाह के लिए महानगरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
ओपीडी का शुभारंभ बीएलके-मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के जीआई ऑन्कोसर्जरी विभाग के डायरेक्टर एवं यूनिट हेड डॉ. मनीष जैन तथा किशोर हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. राहुल किशोर की उपस्थिति में हुआ। डॉ. मनीष जैन प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक किशोर हॉस्पिटल में मरीजों को परामर्श और फॉलो-अप सेवाएं प्रदान करेंगे।
डॉ. मनीष जैन ने बताया कि इस ओपीडी का उद्देश्य पाचन तंत्र से जुड़े कैंसर की समय पर पहचान और सही उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शरीर में गांठ, खून की उल्टी, निगलने में कठिनाई, अचानक वजन कम होना जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि ये कैंसर के शुरुआती संकेत हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल कैंसर भोजन नली, पेट, छोटी और बड़ी आंत, लिवर, पैंक्रियास और गॉल ब्लैडर जैसे अंगों को प्रभावित करता है। आधुनिक दा विंची रोबोटिक असिस्टेड सर्जरी जैसी तकनीकों से अब जटिल सर्जरी अधिक सटीकता के साथ की जा रही हैं, जिससे मरीजों को कम दर्द और तेजी से रिकवरी का लाभ मिलता है।
किशोर हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ. राहुल किशोर ने कहा कि बीएलके-मैक्स के साथ यह सहयोग क्षेत्र के मरीजों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा। अब रुद्रपुर और आसपास के लोगों को विशेषज्ञ कैंसर परामर्श और उपचार की सेवाएं अपने शहर के नजदीक ही उपलब्ध होंगी।
इस नई ओपीडी सेवा के माध्यम से बीएलके-मैक्स हॉस्पिटल का उद्देश्य अत्याधुनिक तकनीक और अनुभवी विशेषज्ञों की मदद से उत्तराखंड के मरीजों तक गुणवत्तापूर्ण कैंसर उपचार और परामर्श सेवाएं पहुंचाना है।

Advertisement

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.