Breaking News

क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल पर बाल आयोग सख्त,जिले के सभी निजी स्कूलों और कोचिंग सेंटरों की होगी जांच

Share

क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल पर बाल आयोग सख्त, जिले के सभी निजी स्कूलों और कोचिंग सेंटरों की होगी जांच

खबरीलाल खोज ( मनीष बावा ) रुद्रपुर: क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल को अचानक बंद किए जाने और उससे जुड़ी शिकायतों को लेकर शनिवार को विकास भवन सभागार में उत्तराखण्ड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, अन्य निजी विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों ने भाग लिया।

बैठक में विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों की सुरक्षा, भवन की स्थिति, वित्तीय एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं सहित विद्यालय संचालन से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। आयोग ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि भवन सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था, पृथक फायर टैंक, वैध ऑक्युपेंसी सर्टिफिकेट, स्कूल तक सुरक्षित पहुंच मार्ग सहित सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के बाद ही विद्यालय संचालन किया जाए। इन व्यवस्थाओं का प्रमाणपत्र खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मुख्य शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

आयोग सदस्य ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालय की सभी कमियों की जांच कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने तथा उसकी रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा में आयोग को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। विद्यालय प्रबंधन को सभी कमियों का शीघ्र निराकरण कर शासन और शिक्षा विभाग के नियमों के अनुरूप विद्यालय का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा मुख्य शिक्षा अधिकारी को 10 से 12 सदस्यीय संयुक्त समिति गठित करने के निर्देश दिए गए, जिसमें जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, श्रम विभाग, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल होंगे। समिति की अध्यक्षता उत्तराखण्ड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य करेंगे। यह समिति जिले के सभी निजी विद्यालयों, अशासकीय विद्यालयों और कोचिंग सेंटरों का सुरक्षा मानकों के आधार पर निरीक्षण करेगी। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को जुलाई के दूसरे सप्ताह तक निरीक्षण का रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में स्कूलों में शिकायत पेटिका की नियमित निगरानी, नशा उन्मूलन अभियान चलाने, विद्यालय परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा अभिभावकों के साथ प्रबंधन की नियमित बैठकें आयोजित करने के भी निर्देश जारी किए गए।

बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, खंड शिक्षा अधिकारी सावेद आलम, भानु प्रताप कुशवाह सहित समग्र शिक्षा और शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Share
error: Content is protected !!