Breaking News

गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने गुरुद्वारा रेसकोर्स में मत्था टेक किया नमन

देहरादून: श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब, रेसकोर्स में श्रद्धा और सेवा का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गुरुद्वारा पहुँचकर मत्था टेका और गुरु साहिब के महान बलिदान को नमन किया। उन्होंने संगत के साथ अरदास में शामिल होकर प्रदेश में शांति, सद्भाव और समृद्धि की कामना की।

गुरुद्वारा परिसर में आयोजित विशेष प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री ने गुरु तेग बहादुर जी के त्याग, मानवीय मूल्यों और धर्म की रक्षा हेतु दिए गए सर्वोच्च बलिदान से जुड़े प्रसंगों का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि गुरु साहिब का जीवन पूरी मानवता को साहस, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

Advertisement

कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं संगत ने भी मत्था टेककर गुरु परंपरा को नमन किया। लंगर सेवा में भारी संख्या में संगत ने सहभागिता की, वहीं मुख्यमंत्री धामी ने भी भोजन प्रसाद वितरण में हिस्सा लेकर सेवा भावना का संदेश दिया।

गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शहीदी दिवस पर विशेष कीर्तन, अरदास व सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य गुरु तेग बहादुर जी की शिक्षाओं और आदर्शों को समाज तक पहुँचाना है।

पूरे कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा, सेवा, समर्पण और आध्यात्मिक वातावरण का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.