सीएम धामी के निर्देश पर दौड़ी स्वास्थ्य विभाग की टीम, 8 साल के वीर को एम्स पहुंचाया

खटीमा। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत लोहियाहेड निवासी आठ वर्षीय वीर को गंभीर स्वास्थ्य स्थिति के चलते उच्चस्तरीय उपचार के लिए निःशुल्क एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। बच्चे के माता-पिता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उसके गंभीर स्वास्थ्य की जानकारी दी थी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए आरबीएसके टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए। बच्चे की स्थिति को देखते हुए उसे आवश्यक चिकित्सीय स्टाफ के साथ निःशुल्क वाहन से एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां उसका निशुल्क उपचार जारी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बच्चे के उपचार की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं और स्वास्थ्य विभाग की टीम बच्चे की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


