Breaking News

प्रीत विहार हत्याकांड का आरोपी सिमरनजीत सिंह को पुलिस ने किया गिरफ्तार

रुद्रपुर: प्रीत विहार क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर रविवार को दो पक्षों के बीच हुए टकराव के बाद हुई फायरिंग में एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम मंजरिया कॉलोनी, थाना बहेरिया, पोस्ट ओझलिया, जिला बेतिया (बिहार) निवासी सूरज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वर्ष 2001 से रुद्रपुर में रहकर राजमिस्त्री का काम करता है। उसके दूर के रिश्तेदार कार्तिक पोद्दार (निवासी विरंची तीन नंबर, थाना मानपुर, जिला पश्चिमी चंपारण, बिहार) कुछ दिन पहले गोवा से उसके पास घूमने आए थे।
सूरज के अनुसार, बगवाड़ा निवासी सिमरनजीत सिंह ने 27 दिसंबर को फोन कर अगले दिन खेत में काम कराने के लिए 15–20 मजदूर लेकर आने को कहा। इसके बाद सूरज और कार्तिक रविवार सुबह लेबर अड्डे से मजदूरों को लेकर सिमरनजीत के घर पहुंचे।
उधर, चौकी प्रभारी रम्पुरा उप निरीक्षक कवीन्द्र शर्मा ने बताया कि 28 दिसंबर को सूचना मिली कि शनि मंदिर के पास प्रीत विहार क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग हो रही है। पुलिस मौके पर पहुंची तो शनि मंदिर से आगे ग्रेटर कैलाश गेट के पास एक खेत में सिमरदीप सिंह पुत्र स्व. सुखविंदर सिंह अपने साथियों के साथ मौजूद था। मौके पर दो ट्रैक्टर (एक ट्रॉली सहित, दूसरा हैरो सहित), कई वाहन और 10–12 अज्ञात लोग व मजदूर मौजूद थे।
इसी दौरान सड़क पर कार्तिक पोद्दार घायल अवस्था में पड़े मिले। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार्तिक को गोली लगी थी। पुलिस को देखते ही दोनों पक्षों में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि सिमरदीप सिंह और उसके साथियों ने डंडों, राइफल और पिस्टल से सामने स्थित कश्मीर सिंह व जशनदीप सिंह के घर की ओर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से भी छत से गोलियां चलने की बात सामने आई है।
पुलिस के पहुंचते ही दोनों पक्ष अपने वाहनों (PB 65 AP 2216, UK 06 AG 1299, UK 04 AH 9500, UK 07 FP 0029, UK 06 AN 2588 सहित अन्य) से फरार हो गए। घायल कार्तिक पोद्दार को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.