ट्रामाडोल की बिक्री में गड़बड़ी पर छापेमारी,दो मेडिकल प्रतिष्ठान बंद—एक फर्म सील
ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा)काशीपुर। जनपद ऊधमसिंह नगर में मनःप्रभावी औषधि ट्रामाडोल की बिक्री और भंडारण के सत्यापन को लेकर प्रशासन और औषधि विभाग ने बुधवार को काशीपुर में बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के आदेश और उप औषधि नियंत्रक के निर्देशन में उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में औषधि विभाग ऊधमसिंह नगर एवं नैनीताल तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने विभिन्न थोक मेडिकल प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान जय लक्ष्मी सर्जिकल और बंसल फार्मास्यूटिकल, काशीपुर में ट्रामाडोल के क्रय के सापेक्ष विक्रय एवं भुगतान का सत्यापन संतोषजनक रूप से नहीं पाया गया। इस पर दोनों प्रतिष्ठानों के औषधि संबंधी क्रय-विक्रय पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाते हुए प्रतिष्ठानों को बंद कराने की कार्रवाई की गई।
वहीं यूनिक सर्जिकल, मोहल्ला अल्लीखां में जांच टीम के पहुंचने पर फर्म स्वामी मौके से चला गया। बुलाने के बावजूद उपस्थित न होने पर प्रशासन ने फर्म को सील करने की कार्रवाई की।
इसके अलावा नाइस मेडिकोज, काशीपुर को ट्रामाडोल के क्रय-विक्रय से संबंधित समस्त दस्तावेज सात दिवस के भीतर सत्यापन के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मनःप्रभावी औषधियों की बिक्री और भंडारण में नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में इस तरह की जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
कार्रवाई में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक ऊधमसिंह नगर नीरज कुमार, वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नैनीताल मीनाक्षी बिष्ट, औषधि निरीक्षक ऊधमसिंह नगर निधि शर्मा एवं शुभम कोटनाला तथा औषधि निरीक्षक नैनीताल अर्चना शामिल रहीं।



