Breaking News

रुद्रपुर के क्षितिज सिंह ने श्रीलंका में स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया

Share

रुद्रपुर के क्षितिज सिंह ने श्रीलंका में स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया
ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर शहर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी क्षितिज सिंह ने श्रीलंका में आयोजित थर्ड साउथ एशियन जु-जित्सू चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण एवं रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। खास बात यह है कि वह इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय जु-जित्सू खिलाड़ी बने हैं।
डिगाना, श्रीलंका में 10 से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित इस चैंपियनशिप में 7 देशों के लगभग 400 खिलाड़ियों ने भाग लिया। भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए क्षितिज सिंह ने एडल्ट वर्ग के (–85 किग्रा) फाइटिंग इवेंट के फाइनल में श्रीलंका के खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा, टीम इवेंट डूओ शो मिक्स्ड में हल्द्वानी की श्रीपर्णा जोशी के साथ मिलकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक भी जीता।
जिला जु-जित्सू एसोसिएशन के महासचिव एवं कोच ऋषि पाल भारती ने बताया कि यह प्रतियोगिता ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) द्वारा अधिकृत जु-जित्सू इंटरनेशनल फेडरेशन (JJIF) और जु-जित्सू एशियन यूनियन (JJAU) के निर्देशन में आयोजित हुई थी। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम का प्रदर्शन इस प्रतियोगिता में अत्यंत सराहनीय रहा।
अपनी इस उपलब्धि पर क्षितिज सिंह ने कहा कि यह जीत वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी सीनियर नेशनल और एशियन स्तर पर उनकी उपलब्धियां रही हैं, लेकिन यह जीत उनके करियर में एक नया मुकाम स्थापित करती है और क्षेत्र के युवाओं को प्रेरित करेगी।
भारती ने आगे बताया कि क्षितिज सिंह वर्तमान में ऋषि मार्शल आर्ट अकादमी, रुद्रपुर में प्रतिदिन लगभग 8 घंटे कठिन प्रशिक्षण कर रहे हैं। वह इसी माह भोपाल में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी जु-जित्सू प्रतियोगिता में कुमाऊं यूनिवर्सिटी, नैनीताल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस उपलब्धि पर जिला जु-जित्सू एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत भूषण चुघ, रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा, उपनिदेशक खेल श्रीमती रसिका सिद्दीकी, उत्तरांचल ओलंपिक संघ के महासचिव डी.के. सिंह सहित अनेक खेल पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों ने क्षितिज सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

editorkhabrilal


Share
error: Content is protected !!