गोली चली…मौत के बाद मिटाए गए खून के निशान,पुलिस ने किया 24 घंटे में खुलासा,तीन गिरफ्तार
छीनाझपटी में चली गोली, युवती की मौत; तीन गिरफ्तार
काशीपुर: महुआखेड़ागंज में युवती मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले में आईटीआई थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार घटना के दौरान छीनाझपटी में गोली चली थी, जो मेहविश को लगी। हादसे के बाद घटनास्थल से खून के निशान मिटाने और शव को दूसरे स्थान पर ले जाने का भी आरोप है। पुलिस ने आरोपित साजिद के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
10 सितंबर को महुआखेड़ागंज क्षेत्र में मेहविश की गोली लगने से मौत हो गई थी। मामले में मृतका के परिजन फईम हुसैन की तहरीर पर 11 सितंबर को आईटीआई थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पुलिस टीम गठित कर आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी कर पकड़ा
शनिवार को आईटीआई पुलिस चौकी पैगा क्षेत्र में आरोपितों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले रास्ते पर राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से साजिद, उसकी पुत्री सबीना और फिजा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार तलाशी में साजिद के पास से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
छह माह पहले खरीदा था तमंचा
पुलिस की पूछताछ में साजिद ने बताया कि उसने तमंचा करीब छह माह पहले महुआखेड़ा निवासी जमील से लिया था। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि घटना के समय साजिद की छोटी बेटी और मेहविश के बीच छीनाझपटी हुई। इसी दौरान गोली चल गई और मेहविश को लग गई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
शव दूसरे घर पहुंचाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद साजिद और उसकी पुत्री फिजा ने फर्श पर पड़े खून के निशान मिटाने का प्रयास किया। आरोप है कि साजिद ने शव को अपने घर से हटाकर मेहविश के घर पहुंचा दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपित इसके बाद मौके से फरार होने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपित: साजिद पुत्र जुम्मा (50), सबीना पुत्री साजिद (18) और फिजा पुत्री साजिद (20), निवासी ग्राम मड़ैया देवी, महुआखेड़ागंज, थाना आईटीआई।
बरामदगी: 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडेय, चौकी प्रभारी पैगा विक्रम सिंह धामी, अ0उ0नि0 दीपक चौहान, कांस्टेबल हरीश नेगी, जगदीश दुगताल, महिला कांस्टेबल राधा गोस्वामी और कांस्टेबल धर्मेंद्र भारती।


