मोदी मैदान में 23.32 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक स्टेडियम

रुद्रपुर के खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा प्लेटफॉर्म, 8.594 हेक्टेयर में विकसित होगा खेल परिसर—फुटबॉल, वॉलीबाल, बैडमिंटन समेत कई खेलों की मिलेंगी सुविधाएं
रुद्रपुर। औद्योगिक नगरी रुद्रपुर अब खेल प्रतिभाओं को भी नई पहचान दिलाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। मोदी मैदान में अत्याधुनिक इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। परियोजना के लिए 23.32 करोड़ रुपये की लागत को औचित्यपूर्ण पाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में हुई बैठक में मोदी मैदान में प्रस्तावित स्टेडियम के निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री घोषणा के तहत बनने वाले इस स्टेडियम के लिए पूर्व में खेल विभाग को आवंटित भूमि को आवास विभाग के नाम स्थानांतरित किया जा चुका है। परियोजना के निर्माण की जिम्मेदारी उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम को सौंपी गई है।
23.32 करोड़ के प्रस्ताव को मिली मंजूरी की दिशा
स्टेडियम निर्माण के लिए उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम, ऊधमसिंह नगर ने 2374.56 लाख रुपये का आगणन तैयार किया था। नियोजन विभाग के टीओसी परीक्षण के बाद 2332.05 लाख रुपये यानी करीब 23.32 करोड़ रुपये के आगणन को औचित्यपूर्ण पाया गया। इससे अब परियोजना के आगे बढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है।
8.594 हेक्टेयर में विकसित होगा खेल परिसर
प्रस्तावित स्टेडियम मोदी मैदान की करीब 9.1915 हेक्टेयर भूमि में से 8.594 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। मैदान के दोनों ओर सड़कें होने के कारण खिलाड़ियों और दर्शकों के आवागमन की सुविधा भी बेहतर रहेगी। स्टेडियम को केवल खेल गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए सामाजिक, सांस्कृतिक और बड़े आयोजनों के लिए भी उपयोगी बनाया जा सकेगा।
युवाओं को मिलेगा बेहतर अभ्यास का मंच
अत्याधुनिक इंडोर और आउटडोर सुविधाएं विकसित होने से रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। फुटबॉल, वॉलीबाल, बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
मोदी मैदान में स्टेडियम बनने से लंबे समय से बेहतर खेल सुविधाओं की उम्मीद लगाए बैठे युवाओं को बड़ा मंच मिलेगा। माना जा रहा है कि यह परियोजना रुद्रपुर को औद्योगिक नगरी के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं की नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

