Breaking News

थार लूटकांड का खुलासा: रजनीश अरोरा गिरफ्तार, तमंचा और गाड़ी बरामद

( ख़बरीलाल ख़ोज ) रुद्रपुर : कोतवाली पुलिस ने थार लूटकांड का खुलासा करते हुए गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के पास से लूटी गई थार गाड़ी के साथ एक तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। तीन अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

एसएसपी के अनुसार, 3 सितंबर को काशीपुर रोड पर एक थार गाड़ी लूटे जाने की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि दिल्ली निवासी मोहित अपनी थार गाड़ी से कैंचीधाम जा रहा था, तभी निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास हथियारबंद बदमाशों ने गाड़ी को रोका और मोहित व उसके दोस्तों के साथ मारपीट कर गाड़ी लूट ली।

पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी रजनीश अरोरा उर्फ सोनू को प्रीत विहार से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथियों जग्गा प्रधान, वंश मखीजा और राधेश्याम पंडित के साथ मिलकर मोहित से पुरानी रंजिश के चलते लूट की योजना बनाई थी।

गिरफ्तारी के दौरान रजनीश के पास से एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई थार गाड़ी भी बरामद कर ली है।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.