Breaking News

36 घंटे में लूट का खुलासा: पैरालिसिस से पीड़ित बुजुर्ग महिला को खेत में फेंक कुंडल लूटने वाला दबोचा

Share

36 घंटे में लूट का खुलासा: पैरालिसिस से पीड़ित बुजुर्ग महिला को खेत में फेंक कुंडल लूटने वाला दबोचा

केलाखेड़ा। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में महज 36 घंटे के भीतर बुजुर्ग महिला से हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक जोड़ी सोने के कुंडल, 380 रुपये नकद और एक ओप्पो मोबाइल बरामद किया है।घटना 17 जुलाई की सुबह की है, जब केलाखेड़ा थाना क्षेत्र के मजरा रहमतुल्ला निवासी एक बुजुर्ग महिला, जो पैरालिसिस से पीड़ित और बोलने में असमर्थ हैं, रोज की तरह टहलने निकली थीं। इसी दौरान आरोपी ने उन्हें सुनसान स्थान पर खेत में धक्का देकर गिराया और उनके कानों से करीब दो तोला सोने के कुंडल लूटकर फरार हो गया।सूचना मिलते ही थाना केलाखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में पीड़िता के पुत्र निशान सिंह की तहरीर पर थाना केलाखेड़ा में एफआईआर संख्या 91/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।घटना के खुलासे के लिए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर एसपी काशीपुर और सीओ बाजपुर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मनीष खत्री के नेतृत्व में तीन विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, करीब 40 संदिग्धों को चिन्हित किया, तकनीकी सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और मैनुअल पुलिसिंग का सहारा लेकर जांच आगे बढ़ाई। 19 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बोर नदी पुल के पास से रामस्वरुप (35 वर्ष) निवासी चंदनपुरा, थाना केलाखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लूटे गए कुंडल, नकदी और मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गदरपुर स्थित एक राइस मिल में बॉयलर चलाने का काम करता है और रोज ड्यूटी से लौटते समय बुजुर्ग महिला को अकेले टहलते देखता था। महिला के कानों में सोने के कुंडल देखकर उसके मन में लालच आ गया। उसे लगा कि महिला बोल नहीं सकती, इसलिए उसकी पहचान नहीं हो पाएगी। वारदात के बाद वह कुंडल बेचने के लिए रामपुर जाने की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने बरामद कुंडलों की पहचान पीड़िता के पुत्र से कराई, जिसने उन्हें अपनी मां के कुंडल बताया। एसएसपी अजय गणपति ने मामले के त्वरित खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।


Share
error: Content is protected !!