Breaking News

10 लाख की अफीम के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, रुद्रपुर में पुलिस-SOG की संयुक्त कार्रवाई

Share

10 लाख की अफीम के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, रुद्रपुर में पुलिस-SOG की संयुक्त कार्रवाई

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने उनके कब्जे से 2.187 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई यामाहा आर-15 बाइक, दो मोबाइल फोन और 1100 रुपये नकद भी कब्जे में लिए हैं। पुलिस के अनुसार, बगवाड़ा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बाइक सवार दोनों युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। घेराबंदी के दौरान बारिश से फिसलन होने के कारण उनकी बाइक गिर गई। दोनों बैग लेकर भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान झनकार सिंह निवासी बहेड़ी (बरेली) और आकाश वर्मा निवासी बरखेड़ा (पीलीभीत) के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर में रह रहे थे। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे अफीम मुजफ्फरनगर निवासी एक व्यक्ति से लेकर आए थे और आगे सप्लाई करने जा रहे थे। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी है। इस मामले में कोतवाली रुद्रपुर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/18/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।


Share
error: Content is protected !!