रम्पुरा में चाऊमीन को लेकर चली गोली, तीन आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर। रम्पुरा क्षेत्र में चाऊमीन के ठेले पर हुए मामूली विवाद ने फायरिंग की घटना का रूप ले लिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक 8 मई की रात वार्ड नंबर-22 रम्पुरा में चाऊमीन विक्रेता सोमवीर के ठेले पर विवाद हो गया था। आरोप है कि संजय कोली, कमल कोली और अमन पांडे ने ठेले पर हमला कर फायरिंग की और पथराव कर दहशत फैलाई। घटना के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले संजय कोली और कमल कोली को एफएसएल रोड के पास से गिरफ्तार किया। संजय के पास से 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद हुए, जबकि कमल के पास से अवैध चाकू मिला।
इसके बाद तीसरे आरोपी अमन पांडे को ब्लॉक रोड क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से भी एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि संजय कोली और अमन पांडे के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानू, एसआई अनिल जोशी, एसआई पंकज कुमार समेत रम्पुरा चौकी व कोतवाली रुद्रपुर की टीम शामिल रही।

