Breaking News

मौत का ठेका बना ट्रांजिट कैंप, खुलेआम बिक रही जहरीली कच्ची शराब , कार्यवाई के नाम पर सिर्फ दिखावा, लोगों में उबाल

रुद्रपुर:  ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत जहरीली कच्ची शराब के सेवन से हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। गुस्साए लोगों ने पुलिस और आबकारी विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अवैध शराब कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

जानकारी के अनुसार ट्रांजिट कैंप वार्ड नंबर पाँच में रॉक जिम वाली रोड पर हरेराम की दुकान के बाहर तख्त पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। सुबह जब लोगों ने शव देखा तो पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पार्षद प्रतिनिधि राधेश शर्मा मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। थोड़ी देर में पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक ने संभवतः कच्ची शराब का सेवन किया था। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से खुलेआम जहरीली शराब बेची जा रही है और पहले भी कई लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस और आबकारी विभाग की मिलीभगत से यह अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है।

पार्षद पति राधेश शर्मा ने कहा कि मोहल्ले में कच्ची शराब की बिक्री की शिकायतें पहले भी कई बार की गई हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल दिखावा हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने अब सख्त कदम नहीं उठाए, तो मोहल्ले के लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

वहीं समाजसेवी सुशील गावा ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जहरीली शराब से लोग मर रहे हैं और अधिकारी चुप बैठे हैं। उन्होंने कहा कि अवैध शराब का सिंडिकेट अब गहराई तक फैल चुका है, जिसे खत्म करने के लिए समाज को मिलकर आगे आना होगा।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि शाम होते ही गलियों में शराबियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे माहौल बिगड़ता जा रहा है। लोगों ने मांग की कि पुलिस और आबकारी विभाग अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाकर इस मौत के कारोबार को खत्म करें।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.