स्कूली और यात्री वाहनों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 60 के चालान और 20 वाहन सीज
ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने स्कूली वाहनों एवं यात्री वाहनों के खिलाफ विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 60 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 20 वाहनों को सीज कर दिया गया।
परिवहन आयुक्त, उत्तराखंड के निर्देशों एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के आदेशों के क्रम में 16 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक प्रदेशभर में एक सप्ताह का विशेष सघन निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रुद्रपुर क्षेत्र में परिवहन विभाग की ओर से स्कूली बसों, स्कूल वैन, स्कूल कैब एवं यात्री वाहनों की जांच की जा रही है।
19 एवं 20 नवंबर को अभियान के दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन सिंह तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ममता पंत ने संयुक्त रूप से विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच कर प्रवर्तन कार्रवाई की।
जांच के दौरान विभिन्न अनियमितताएं सामने आने पर कुल 60 वाहनों के चालान किए गए तथा 20 वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई में बिना वैध बीमा के 3 वाहन, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के 10 वाहन, बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के 2 वाहन, बिना टैक्स के 6 वाहन, बिना परमिट के 3 वाहन तथा बिना अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट एड बॉक्स के 1-1 वाहन के चालान किए गए। इसके अलावा ओवरलोडिंग एवं मोटर वाहन अधिनियम के अन्य प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग की टीम विशेष रूप से स्कूली वाहनों में निर्धारित सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटिका, वाहन फिटनेस और चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस की जांच कर रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों और चालकों के खिलाफ नियमानुसार कठोर प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं, विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधन, वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि वे वाहनों के आवश्यक दस्तावेज और सुरक्षा उपकरण पूर्ण रखें तथा यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।





