Breaking News

महिलाओं के कानों पर थी नजर! बाइक सवार महिला-पुरुष की जोड़ी ने मचाया आतंक, दो वारदातों के बाद ट्रांजिट कैंप पुलिस ने दबोचा, सोने के कुंडल बरामद

महिलाओं के कानों पर थी नजर! बाइक सवार महिला-पुरुष की जोड़ी ने मचाया आतंक, दो वारदातों के बाद ट्रांजिट कैंप पुलिस ने दबोचा, सोने के कुंडल बरामद

पूजा करके लौट रही महिला और घर से निकली बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना, दोनों के कानों से सोने के कुंडल झपटकर हुए थे फरार; पुलिस ने बरामद किए दोनों पीड़िताओं के आभूषण

खबरीलाल खोज रुद्रपुर। शहर में महिलाओं की सुरक्षा को चुनौती देते हुए सोने के कुंडल झपटने वाली महिला-पुरुष की जोड़ी को ट्रांजिट कैंप पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाइक पर सवार होकर महिलाओं को निशाना बनाने वाले दोनों आरोपियों ने दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दिया था। लगातार हुई इन वारदातों के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई शुरू की और मुखबिर की सूचना पर दोनों को आनंदपुर रोड स्थित परमल टाउन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए सोने के दोनों कुंडल भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहली घटना 18 नवंबर 2026 को सामने आई थी। बालाजी पुरम कॉलोनी, फुलसुंगा निवासी मुनेन्द्र सिंह पुत्र धर्म सिंह ने कोतवाली ट्रांजिट कैंप में तहरीर देकर बताया कि उनकी माता किसी काम से बालाजी पुरम गई थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार एक पुरुष और महिला उनके पास पहुंचे और मौका पाकर उनके कानों में पहने सोने के कुंडल झपटकर फरार हो गए। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 375/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

इसी बीच दूसरी घटना में ट्रांजिट कैंप के वार्ड नंबर दो निवासी उर्मिला राय पत्नी रमेश चन्द्र ने पुलिस को बताया कि वह दुर्गा मंदिर में पूजा करने के बाद वापस लौट रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK 06 BM 3933 पर सवार महिला और पुरुष ने उनके कानों से सोने के कुंडल झपट लिए और मौके से फरार हो गए। इस मामले में भी पुलिस ने मुकदमा संख्या 376/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया।

दोनों घटनाओं में एक ही मोटरसाइकिल और महिला-पुरुष की जोड़ी का सामने आना पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ट्रांजिट कैंप के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम लगातार सुरागरसी और मुखबिरों के माध्यम से आरोपियों की जानकारी जुटा रही थी।

20 नवंबर 2026 को पुलिस टीम आनंदपुर रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पूर्व में सक्रिय किए गए मुखबिर ने सूचना दी कि जिन बाइक सवार महिला और पुरुष की पुलिस को तलाश है, वे परमल टाउन आनंदपुर रोड के पास खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी घबराकर भागने की तैयारी करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।

पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम राहुल पुत्र राजेन्द्र रस्तोगी निवासी गोल मड़ैया गली नंबर तीन, ट्रांजिट कैंप, उम्र 29 वर्ष बताया। वहीं महिला ने अपना नाम रवीना पुत्री मुखिया निवासी बिसातगंज, सिसौना, थाना एवं जनपद बरेली, उत्तर प्रदेश, उम्र 26 वर्ष बताया।

पुलिस ने जब दोनों की तलाशी ली तो राहुल के कब्जे से पीली धातु का एक कुंडल बरामद हुआ। वहीं महिला कांस्टेबल द्वारा रवीना की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से भी पीली धातु का एक कुंडल बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर दोनों पीड़िताओं को बुलाकर बरामद आभूषणों की पहचान कराई। पीड़िताओं ने दोनों कुंडलों को अपना बताया, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 304(2), 317(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर की जा रही कुंडल झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की उम्मीद है।

ऑपरेशन प्रहार के तहत हुई इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक ट्रांजिट कैंप के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, अपर उपनिरीक्षक चन्द्र प्रकाश बवाड़ी, कांस्टेबल हिमांशु, महिला कांस्टेबल शान्ति बिष्ट और महिला कांस्टेबल लीला आर्या शामिल रहे।

खबरीलाल खोज की नजर: दिनदहाड़े महिलाओं के कानों से सोने के कुंडल झपटने वाली जोड़ी का पकड़ा जाना पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई है। हालांकि, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सतर्कता और ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना भी जरूरी है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.