गदरपुर में दो बाइक चोर गिरफ्तार, पांच चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

गदरपुर। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत गदरपुर पुलिस ने बाइक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, आठ अप्रैल 2026 को बराखेड़ा निवासी अविश अरोरा ने अपनी हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस बाइक चोरी होने की तहरीर दी थी। इस पर थाना गदरपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
शनिवार को एनएच-74 काशीपुर रोड स्थित सरदारनगर फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया। इस पर दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम विजय विश्वास निवासी चंदनगढ़, थाना दिनेशपुर और आनंद विश्वास निवासी मोतीपुर, थाना दिनेशपुर बताया।
पुलिस ने बताया कि आरोपितों के पास से मिली बाइक चोरी की निकली। सख्ती से पूछताछ में उनकी निशानदेही पर सरदारनगर श्मशान घाट रोड के पास झाड़ियों से चार अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। मामले में संगठित अपराध की धारा भी बढ़ाई गई है। पुलिस ने आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

