Breaking News

रुद्रपुर में दो वाहन चोर गिरफ्तार, तीन दोपहिया वाहन बरामद

रुद्रपुर में दो वाहन चोर गिरफ्तार, तीन दोपहिया वाहन बरामद

रुद्रपुर। कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। बरामद वाहनों में विशाल मेगा मार्ट की पार्किंग से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर और मुख्य बाजार से चोरी हुई हीरो सीडी डॉन मोटरसाइकिल शामिल हैं। स्कूटी के चोरी होने के संबंध में पुलिस सत्यापन कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम वाहन चोरी की घटनाओं के अनावरण में जुटी थी। पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन रोड पर झाड़ियों के पास दो संदिग्ध युवक चोरी के दोपहिया वाहनों के साथ मौजूद हैं और उन्हें बेचने की तैयारी कर रहे हैं।

Advertisement

सूचना पर उपनिरीक्षक प्रदीप पंत और उपनिरीक्षक दीपक बहुगुणा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान मोहम्मद अरमान पुत्र अली हुसैन (19) निवासी मलसी, रुद्रपुर और अरमान पुत्र नन्हे (19) निवासी ग्राम ज्वालापुर भैंसिया, थाना बिलासपुर, रामपुर के रूप में हुई।

नंबर प्लेट निकालकर झाड़ियों में छिपाते थे वाहन

पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे दोनों मिलकर रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट निकालकर फेंक देते और वाहनों को सुनसान स्थानों अथवा झाड़ियों में छिपा देते थे। ग्राहक मिलने पर चोरी के वाहनों को कम कीमत में बेच देते थे।

पुलिस के अनुसार बरामद हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल का चेसिस नंबर मिलान करने पर उसका संबंध एफआइआर संख्या से पाया गया। यह मोटरसाइकिल आठ सितंबर को श्री गुरु अंगद देव जी कॉम्प्लेक्स स्थित विशाल मेगा मार्ट की पार्किंग से चोरी हुई थी। वहीं हीरो सीडी डॉन मोटरसाइकिल का पंजीकरण और चेसिस नंबर एफआइआर संख्या में चोरी हुई मोटरसाइकिल से मिलान किया गया। यह वाहन मुख्य बाजार में ग्रोवर फर्नीचर के सामने से चोरी हुआ था।

इसके अलावा टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी भी बरामद हुई है, जिसके चोरी होने का संभावित स्थान मेट्रोपॉलिस मॉल क्षेत्र बताया गया है। स्कूटी के स्वामित्व और चोरी की घटना का पुलिस सत्यापन कर रही है।

मुकदमों में बढ़ाई धाराएं

पुलिस ने दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद संबंधित मुकदमों में धारा 317(2)/3(5) भारतीय न्याय संहिता की बढ़ोतरी की है। दोनों को नियमानुसार गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप पंत, उपनिरीक्षक दीपक बहुगुणा, कांस्टेबल हरीश रावत, कांस्टेबल हयात चंद्र और कांस्टेबल महेश पंचपाल शामिल रहे।

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.